Ghaziabad News:समयसीमा खत्म होने में चार दिन शेष, पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने की शुरुआत नहीं – Four Days Remain Until The Deadline; Installation Of Cameras At Petrol Pumps Has Yet To Begin
गाजियाबाद। प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए लागू की गई ””नो पीयूसीसी-नो फ्यूल”” नीति सरकारी दावों और कागजी कवायद के बीच उलझकर रह गई है। शासन ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर 30 नवंबर तक ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। समयसीमा खत्म होने में महज चार दिन शेष हैं, लेकिन अभी तक कैमरे लगाने का काम शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को ईंधन मिलने पर रोक लगाने की योजना अधर में है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एक अक्तूबर से ही पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इनका पालन नहीं हो सका। इसके बाद आपूर्ति विभाग ने सभी पंप कर्मचारियों के मोबाइल फोन में एक एप डाउनलोड कराया। योजना थी कि कर्मचारी वाहनों की नंबर प्लेट की फोटो खींचकर पीयूसीसी की वैधता जांचेंगे, लेकिन मंत्रालय से वाहनों का डाटा नहीं मिलने के कारण यह व्यवस्था भी कारगर साबित नहीं हुई।
हाईकोर्ट पहुंचा था मामला, पंप संचालक दे चुके एनओसी
कैमरे लगाने को लेकर अधिकारियों ने जब पेट्रोल पंप संचालकों पर दबाव बनाया तो वे हाईकोर्ट पहुंच गए। कोर्ट ने संचालकों पर दबाव नहीं बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन ने दिल्ली की तर्ज पर परिवहन विभाग के माध्यम से पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगवाने का निर्णय लिया। विभाग ने पंपों का सर्वे कर सूची तैयार की। करीब 15 दिन पहले पंप संचालकों ने भी कैमरे लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया। इसके बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
पांच लाख से अधिक वाहन बढ़ा रहे प्रदूषण
जिले में वायु प्रदूषण की बड़ी वजह वाहनों से निकलने वाला धुआं है। सड़कों पर तीन लाख से अधिक ऐसे वाहन दौड़ रहे हैं, जो अपनी निर्धारित मियाद पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा दो लाख से अधिक वाहन बीएस-6 मानक से नीचे के हैं। ऐसे में बिना वैध पीयूसीसी वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। हालांकि, कैमरे लगाने की योजना में हो रही देरी से इस व्यवस्था के लागू होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हमने पेट्रोल पंपों की सूची परिवहन विभाग को सौंप दी है। पंपों पर कैमरे लगाने को लेकर उच्चाधिकारियों से लगातार वार्ता चल रही है। शासन के निर्देशानुसार जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
-अमित तिवारी, जिला आपूर्ति अधिकारी
इस संबंध में उच्चाधिकारियों के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसका टेंडर भी हो चुका है।
-अमित राजन राय, एआरटीओ (प्रवर्तन)
