Meerut News:गेल गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाकर 31 हजार रुपये ठगे – Rs 31,000 Swindled By Threatening To Disconnect Gail Gas Supply
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी मुकुल कुमार के साथ साइबर ठग ने गेल गैस कनेक्शन काटने के नाम पर 31 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठग ने खुद को गेल गैस का कर्मचारी बताकर पहले उनकी पत्नी को फोन किया और फिर गैस कनेक्शन चालू रखने के नाम पर 10 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। एक एप का लिंक भेजने के बाद आरोपी ने पंजाब में साइबर ठगी के पैसों से बिजली का बिल जमा किया।
नेहरू नगर निवासी मुकुल कुमार ने नौचंदी थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 14 अक्तूबर की शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी संध्या के मोबाइल पर एक संदेश आया। इसमें गैस कनेक्शन कटने की बात कहते हुए एक नंबर पर कॉल करने को कहा गया था। पत्नी ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो कॉल करने वाले ने खुद को गेल गैस का कर्मचारी बताया। उसने 10 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए एक लिंक भेजा और एप डाउनलोड करा दिया। काफी देर तक भुगतान कराने की कोशिश की गई लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुआ।
पीड़ित के मुताबिक साइबर ठग ने उनके मोबाइल पर भी भुगतान से संबंधित दो एप के लिंक भेजकर डाउनलोड कराए थे । ठग ने गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारियां बताकर भरोसा जीत लिया। भेजे गए एप के लिंक को क्लिक करने के बाद कई बार पैसे कटने के पैसेज आए। करीब 10-15 मेसेज आने के बाद उसे शक हुआ तो सभी कार्ड ब्लॉक करा दिए लेकिन बैंक से पता चला कि उनके खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए गए। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
