रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ग़ाज़ीपुर

Ghazipur News:मनिया की टीम ने त्रिलोकपुर को हराया, फाइनल में जगह पक्की – Maniya’s Team Defeated Trilokpur, Securing A Spot In The Final

November 24, 2026


सुहवल। क्षेत्र के भिक्खीचौरा में प्रभुनारायण सिंह की स्मृति में खेले जा रहे मेंस फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल का मुकाबला सोमवार को त्रिलोकपुर और मनिया के बीच खेला गया।

इस मुकाबले में मनिया की टीम ने मध्यांतर के बाद अपने खेल का जबरदस्त प्रदर्शन दिखाते हुए 3-1 से त्रिलोकपुर को कड़ी शिकस्त देकर फाइनल मैच में अपनी दावेदारी को पक्की कर ली है।

खेल शुरू होने के बाद पहले हाफ में त्रिलोकपुर की टीम के खिलाड़ियों ने मनिया के गोल पोस्ट पर चढ़ाई कर खेल के चौथे मिनट में एक गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली। वहीं दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर आक्रमणकारी प्रहार करने लगे, तभी मनिया की टीम ने 22वें मिनट में त्रिलोकपुर के गोल पोस्ट में एक गोल मारकर खेल को 1-1 की बराबरी पर कर दिया।

खेल के कुछ समय बाद रेफरी ने मध्यांतर की सीटी बजाते हुए टीम को अपनी रणनीतियों पर सोचने का समय दिया। वहीं मध्यांतर के बाद रेफरी द्वारा दोबारा खेल को शुरू करने के लिए सीटी बजाया गया, जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी अपने-अपने गोल पोस्ट की तरफ जाकर एक-दूसरे को शिकस्त देने के लिए गेंद पर टूट पड़े। मध्यांतर के बाद मनिया के खिलाड़ियों ने अपनी शानदार रणनीति और सूझबूझ से खेल के 45वें मिनट में त्रिलोकपुर के गोल पोस्ट में एक और गोल कर खेल को 2-1 पर ला कर खड़ा कर दिया।

इसी दौरान मनिया के खिलाड़ियों ने खेल के कुछ समय बाद 58वें मिनट में एक और गोल कर अपनी बढ़त को 3-1 कर ली, जिससे त्रिलोकपुर के खिलाड़ियों में उत्साह की कमी दिखने लगी। लेकिन उसके बाद त्रिलोकपुर और मनिया के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर चढ़ाई करना शुरू कर कर दिया।

लेकिन मनिया के खिलाड़ियों ने अपनी रक्षापंक्ति को इतनी मजबूती से बरकरार रखा कि त्रिलोकपुर के खिलाड़ियों की एक न चल सकी और ऐसे ही मनिया की टीम ने निर्धारित समय तक त्रिलोकपुर की टीम को एक बड़ी चुनौती के साथ कड़ी शिकस्त देकर मैच को 3-1 से अपने नाम कर लिया और फाइनल मैच में अपनी दावेदारी पक्की कर ली। वहीं इस खेल के मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी अवधेश सिंह और विशिष्ट अतिथि संदीप कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X