शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:टूर रद्द होने पर नहीं लौटाए 5.64 लाख, अब ब्याज के साथ देने होंगे – 5.64 Lakhs Not Returned On Tour Cancellation, Will Now Be Given With Interest

November 4, 2026


सड़क हादसे में बेटे के घायल होने की वजह से करा था रद्द

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। सड़क हादसे में बेटे के घायल होने पर रद्द किए गए टूर के पैसे नहीं लौटाने पर उपभोक्ता आयोग ने अब ब्याज समेत कंपनी को पैसे लौटाने का आदेश दिया है। मेक माय ट्रिप और वियतजेट एयरलाइन को 5.64 लाख रुपये ब्याज समेत वापस देने होंगे। कंपनी की तरफ से सिर्फ 1.50 लाख रुपये वापस देने की पेशकश की थी। यह आदेश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल ने दिया है।

सेक्टर-52 निवासी सतपाल सिंह दहिया ने आयोग में दायर की याचिका में बताया कि मेक माय ट्रिप के माध्यम से सेरेना बाली टूर पैकेज बुक कराया था। इसके लिए उन्होंने 5.64 लाख रुपये का भुगतान किया था। यात्रा दो से 10 अक्तूबर 2022 तक प्रस्तावित थी। 26 सितंबर को उनके बेटे अतुल सिंह दहिया को सड़क हादसे में सिर में चोट लग गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें कम से कम सात दिन आराम करने की सलाह दी गई थी।

एक अक्तूबर को फरीदाबाद के मनोचिकित्सक डॉ. आशीष खंडेलवाल ने मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्हें यात्रा के लिए अनफिट घोषित कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मेक माय ट्रिप से यात्रा की तारीख बदलने या पूरी राशि वापस करने करने के लिए कहा। कंपनी ने सिर्फ 1.50 लाख रुपये लौटाने की पेशकश की

आयोग ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आदेश दिया है कि वह शिकायतकर्ता को मिलकर 5.64 लाख रुपये नौ प्रतिशत की दर से वापस करें। इस दौरान उन्हें हुई मानसिक परेशानी होने पर 50 हजार रुपये का मुआवजा और कानूनी प्रक्रिया पर हुए खर्च के लिए 22 हजार रुपये देने का आदेश दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X