Gurugram News:पर्ल ग्रुप जमीन मामले में चार आरोपियों की अग्रिम जमानत खारिज – Anticipatory Bail Rejected For Four Accused In The Pearl Group Land Case
पंचकूला। पर्ल ग्रुप की जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री से जुड़े मामले में पंचकूला की अदालत ने चार आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। आरोपियों में रोहन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, परमानंद अग्रवाल और आदेश कुमार शामिल हैं। अदालत ने संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और जमीन की कीमत कम दर्शाने के आरोपों की जांच के लिए हिरासत में पूछताछ को जरूरी माना।
मामले में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो पंचकूला ने 2 जून 2026 को एफआईआर दर्ज की थी। अभियोजन के अनुसार, जमीन पर लगी रोक हटने से पहले 24 और 25 नवंबर 2025 को 1.69 करोड़ रुपये विजन रिएल्टर्स के खाते में भेजे गए। इसके अलावा 6.48 करोड़ रुपये गगनप्रीत सिंह के खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि 1.39 करोड़ रुपये के छह चेक भुनाए नहीं गए। जांच में आरोप है कि करीब 17.50 करोड़ रुपये की जमीन की कीमत 7.87 करोड़ रुपये दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई। रायपुररानी और शाहपुर की जमीनों पर प्रतिबंध के बावजूद बैकडेट में दस्तावेज तैयार कर 19 दिसंबर 2025 को दो सेल डीड पंजीकृत कराई गईं। बचाव पक्ष ने भुगतान को पारदर्शी बताया, लेकिन अदालत ने अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। संवाद
