Gurugram News:18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में छह विद्यार्थी सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित – Six Students Declared Best Speakers At The 18th National Youth Parliament
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला बोले, लोकतंत्र का संदे समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं युवा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस) में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि लोकतांत्रिक और सांवैधानिक मूल्यों का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवाओं की है। इस मौके पर विद्यार्थियों ने मॉडल संसद के जरिए संसदीय कार्यवाही का संचालन किया। इस दौरान 6 विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया। इनमें मेगन, अंशिका, अक्ष, मोहम्मद जुनेद, कार्तिकेय शुक्ला और संदीप भारद्वाज शामिल रहे।
भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बराला ने लैंगिक समानता, सामाजिक समरसता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। साथ ही युवाओं से भारतीय संविधान की विशेषताओं का अध्ययन करने और इसमें निहित मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि भारतीय संविधान ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की है। युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण का आधार बनाकर राष्ट्रसेवा के लिए काम करना चाहिए।
निर्णायक मंडल में डॉ. करमबीर गिल और युवा संसद की ग्रुप कोऑर्डिनेटर डॉ. शालिनी शर्मा ने भी विचार रखे। इस मौके पर एमडीयू-सीपीएएस की निदेशक प्रो. कविता ढुल, युवा संसद के संयोजक प्रो. अनुपम कुरवाल, डॉ. विजय राठी, डॉ. कविता दहिया, डॉ. सुनील खरब, हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. पवन, प्रो. रणदीप राणा, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया आदि मौजूद रहे।
