रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:झलाण में खेल मैदान और रनिंग ट्रैक बनाने की कवायद शुरू – Efforts Underway To Construct A Sports Ground And Running Track In Jhalan

November 24, 2026


धनेटा (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत झलाण और आसपास के गांवों के युवाओं को खेल मैदान और फिजिकल ट्रेनिंग ग्राउंड उपलब्ध करवाने की मांग पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्राम सुधार सभा घड़ोह के प्रयासों के बाद उपायुक्त के निर्देश पर संबंधित विभागों ने उपयुक्त सरकारी भूमि चयन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ग्राम सुधार सभा घड़ोह के प्रधान मुकेश कुमार शर्मा ने 23 सितंबर 2026 को उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान बनाने की मांग उठाई थी। उन्होंने बताया था कि झलाण, किटपल, बसारल, बदारण और ग्वालपत्थर सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों युवक-युवतियां सेना, वायुसेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस भर्ती की तैयारी करते हैं, लेकिन क्षेत्र में व्यवस्थित मैदान न होने के कारण उन्हें मान खड्ड जैसे असुरक्षित स्थानों पर अभ्यास करना पड़ता है।

इससे विशेषकर युवतियों को परेशानी होती है। क्षेत्र में खेल मैदान और रनिंग ट्रैक बनने से युवाओं को शारीरिक अभ्यास की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगा सकेंगे।

मांग पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम नादौन ने आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी नादौन को भेजा है। बीडीओ ने ग्राम पंचायत झलाण के प्रधान और सचिव को ग्राम सुधार सभा और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर उपयुक्त भूमि चिन्हित करने और नियमानुसार आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पंचायत झलाण के प्रधान प्रदीप कुमार और उपप्रधान पवन कुमार ने बताया कि ग्राम सुधार सभा घड़ोह और घड़ोह गांव के लोगों के साथ मिलकर 29 नवंबर को खेल मैदान के लिए उपयुक्त भूमि का चयन किया जाएगा।

ग्राम सुधार सभा के प्रधान मुकेश कुमार शर्मा, उपप्रधान सतीश कुमार और कोषाध्यक्ष अमित कुमार ने प्रशासन, एसडीएम नादौन और बीडीओ नादौन का आभार जताया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X