Hamirpur (himachal) News:युवा भारत फिलेटली क्विज में भाग लेने का मौका, 23 तक करें पंजीकरण – Opportunity To Participate In The ‘yuva Bharat’ Philately Quiz; Register By The 23rd
हमीरपुर। भारतीय डाक विभाग की ओर से युवाओं में देश के इतिहास, संस्कृति और समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा भारत फिलेटली क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के लिए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा 23 नवंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में स्मारक डाक टिकटों को आधार बनाया गया है। इसमें भारत के इतिहास, संस्कृति, प्रमुख उपलब्धियों, महान विभूतियों, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दो सदस्यीय टीम बनाना अनिवार्य है।
प्रतिभागियों को पहले 25 मिनट की लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें एक-एक अंक के 40 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इसके आधार पर शीर्ष चार टीमों का चयन किया जाएगा, जो जोनल स्तर पर लाइव क्विज में हिस्सा लेंगी।
प्रदेश को जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब डाक परिमंडलों के साथ जोन-एक में रखा गया है। प्रतियोगिता का परिमंडल स्तर 3 दिसंबर, जोनल स्तर 11 दिसंबर और राष्ट्रीय फाइनल 22 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा।
पंजीकरण के लिए दोनों टीम सदस्यों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरकर आयु प्रमाण पत्र की स्वयं सत्यापित छायाप्रति के साथ 23 नवंबर 2026 तक वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर, हमीरपुर मंडल के कार्यालय में जमा करवाना होगा।
प्रतियोगिता के स्थान और समय की जानकारी पंजीकृत प्रतिभागियों को अलग से दी जाएगी। हमीरपुर डाक मंडल के वरिष्ठ अधीक्षक गोविंद सिंह चौधरी ने सभी महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से पात्र युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने विशेष रूप से स्पर्श और ढाई आखर जैसी डाक विभाग की गतिविधियों में पहले भाग ले चुके विद्यार्थियों से भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
