शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:सहकारी सभा में 10.38 करोड़ के गबन का आरोप, पूर्व सचिव पर एफआईआर – Allegation Of 10.38 Crore Embezzlement In Cooperative Society; Fir Filed Against Former Secretary

November 19, 2026


बड़सर (हमीरपुर)। गुरियाह कृषि सेवा सहकारी सभा में 10 करोड़ 38 लाख 75 हजार 645 रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने पूर्व सचिव अश्वनी कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

सहकारिता विभाग की शिकायत पर 18 नवंबर को थाना बड़सर में एफआईआर दर्ज की गई। विशेष ऑडिट में सामने आईं अनियमितताओं ने सहकारी सभा के वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वित्त वर्ष 2023-24 की विशेष ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार सभा की रोकड़ बही में हेराफेरी, बैंक से निकाली गई रकम की प्रविष्टियां दर्ज न करने और नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये के असुरक्षित ऋण बांटने के आरोप सामने आए हैं। विभाग की शिकायत में पूर्व सचिव पर 51 लाख 21 हजार 63 रुपये के सीधे नकद गबन का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के मुताबिक प्रबंधक कमेटी की स्वीकृति और जरूरी सुरक्षा दस्तावेजों के बिना सीसीएस, एलएएफडी और गैर-सदस्य ऋण सहित करोड़ों रुपये के ऋण वितरित किए गए। इससे सभा को भारी वित्तीय नुकसान होने की बात कही गई है। शिकायत में आरोपी की ओर से अनियमितताओं को स्वीकार किए जाने का भी उल्लेख है।

सभा की प्रबंधक कमेटी ने गबन की राशि को बाइक बोट, ऑनलाइन लॉटरी, क्रिप्टोकरेंसी और पत्नी के नाम से संचालित एपी-यात्रा ट्रांसपोर्ट कंपनी में निवेश किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों और निवेश संबंधी आशंकाओं की पुलिस जांच में पुष्टि होना बाकी है। पुलिस ने अश्वनी निवासी मंडियाणी तहसील गलोड़ के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अब सहकारिता विभाग और सभा से संबंधित रिकॉर्ड लेकर बैंक लेनदेन, रोकड़ बही और ऋण वितरण से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X