रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hamirpur News:ट्रकों की भिड़ंत के बाद बेतवा पुल के पास 15 किलोमीटर लंबा जाम – 15-kilometre-long Traffic Jam Near Betwa Bridge Following A Collision Between Trucks
हमीरपुर

Hamirpur News:ट्रकों की भिड़ंत के बाद बेतवा पुल के पास 15 किलोमीटर लंबा जाम – 15-kilometre-long Traffic Jam Near Betwa Bridge Following A Collision Between Trucks

November 23, 2026


15-kilometre-long traffic jam near Betwa bridge following a collision between trucks

फोटो 22 एचएएमपी 17- जाम के बीच बच्चे को लेकर पैदल बेतवा पुल पार करती महिला। संवाद

हमीरपुर। कानपुर-सागर हाईवे (एनएच-34) स्थित बेतवा पुल के पास शनिवार रात 10:21 बजे डस्ट लदा ट्रक पांच जर्सी बैरियर तोड़ता हुआ दूसरी लेन में जा घुसा और सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। हादसे के बाद पुल के पास करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस और एनएचएआई की टीम ने रातभर की मशक्कत के बाद रविवार सुबह 8 बजे सामान्य कराया। दोपहर में यमुना व बेतवा पुल के पास दो ट्रक खराब होने से यातायात फिर बाधित हुआ।

सूचना पर सीओ ट्रैफिक मंजू पांडेय और यातायात निरीक्षक नंदलाल के नेतृत्व में सदर कोतवाली, कुछेछा चौकी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटवाकर रात करीब दो बजे एक लेन से आवागमन शुरू कराया, लेकिन वाहनों के दबाव से रफ्तार धीमी रही। इस बीच जाम में खड़े कई ट्रकों के चालक सो गए थे जिन्हें पुलिस व एनएचएआई कर्मियों ने जगाकर वाहन किनारे करवाए ताकि छोटे वाहनों को निकलने का रास्ता मिल सके। इस भीषण जाम में शादी समारोहों में शामिल होने जा रहे लोग भी घंटों फंसे रहे।

दोपहर में फिर बाधित हुआ यातायात : वहीं रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे यमुना पुल के पास मौरंग लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण खड़ा हो गया। एनएचएआई के सुरक्षा गार्ड की सूचना पर टीम हाइड्रा लेकर मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही ट्रक चालू हो गया। इस दौरान करीब 20 से 25 मिनट यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद करीब 3:50 बजे बेतवा पुल के पास एक ट्रक का डीजल खत्म हो गया। चालक डीजल लेकर आया और ट्रक चालू किया। इस दौरान भी करीब 25 मिनट आवागमन बाधित रहा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X