Hamirpur News:बोलेरो से भिड़ंत बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्राॅली – Tractor-trolley Overturns After Going Out Of Control While Attempting To Avoid A Collision With A Bolero
भरुआ सुमेरपुर। नेशनल हाईवे-34 पर फैक्टरी एरिया के पास रात करीब आठ बजे बोलेरो और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत होते-होते बची। बोलेरो को सामने से आता देख ट्रैक्टर चालक ने टक्कर बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक महिला समेत दो मामूली रूप से घायल हो गई।
फैक्टरी एरिया चौकी इंचार्ज अंकित बैसला ने बताया कि बाकी निवासी बोलेरो चालक चुन्नू लाल अचानक वाहन को पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ दिया। वहीं मौदहा की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर चालक अखिल यादव निवासी लहुरीमऊ थाना सजेती ने बोलेरो से टक्कर बचाने के अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार विमलेश पत्नी वीरेंद्र यादव एवं गुरु प्रजापति मामूली रूप से चोटिल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर फैक्टरी एरिया पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
