Hamirpur News:रफ्तार पर लगा ब्रेक, हाईवे पर लंबा जाम – Traffic Grinds To A Halt; Long Traffic Jam On The Highway
= एंबुलेंस व स्कूली वाहन भी फंसे, तीन घंटे तक रेंगते रहे वाहन
= सहालग की भीड़ और अतिक्रमण से बिगड़ी यातायात व्यवस्था
= यातायात व्यवस्था संभालने के लिए सक्रिय नजर नहीं आई पुलिस
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के मध्य से गुजरे हाईवे पर अतिक्रमण और सहालग के कारण उमड़ी भीड़ ने शुक्रवार को यातायात व्यवस्था ध्वस्त कर दी। दोपहर करीब एक बजे हाईवे पर भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक वाहन रेंगते रहे। जाम में यात्री बसों के साथ एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंसे रहे। इससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
कस्बे के मध्य से गुजरे हाईवे की पटरियों पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे बाजार आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने की जगह नहीं मिलती है। शुक्रवार को सहालग के चलते बाजार में भारी भीड़ उमड़ी। बाहर से आए लोगों ने अपने वाहन हाईवे पर आड़े-तिरछे खड़े कर दिए। इससे दोपहर एक बजे यातायात बाधित हो गया और देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
करीब तीन किलोमीटर के दायरे में छोटे-बड़े हजारों वाहन जाम में फंस गए। बसों, एंबुलेंस और स्कूली वाहनों के फंसने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। सबसे ज्यादा परेशानी बस स्टैंड से नेहा चौराहे तक रही। दोपहर एक बजे से शुरू हुआ जाम अपराह्न चार बजे तक जारी रहा। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की सक्रियता भी नजर नहीं आई। बाद में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि जाम की सूचना पर पुलिस बल भेजा गया था। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया।

फोटो 20 एचएएमपी10 हाईवे पर लगा जाम। स्त्रोत संवाद।

फोटो 20 एचएएमपी10 हाईवे पर लगा जाम। स्त्रोत संवाद।
