रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर

Hamirpur News:शीतलहर से बचाव के लिए प्रशासन सतर्क, रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था के निर्देश – Administration On Alert To Tackle Cold Wave; Directives Issued For Night Shelters And The Provision Of Bonfires

November 28, 2026


हमीरपुर। संभावित शीतलहर और सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने सभी संबंधित विभागों को जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें निराश्रितों, बेघर लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका और नगर पंचायतों को सभी रैन बसेरों में कंबल, बिस्तर, पेयजल, बिजली, शौचालय और केयरटेकर की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है। प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और जरूरतमंदों के आवागमन वाले स्थानों पर सुरक्षित अलाव जलाने के निर्देश भी दिए हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर रैन बसेरों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग को सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में शीतलहर व हाइपोथर्मिया से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाएं, उपकरण और कंबल उपलब्ध रखने को कहा गया है। वहीं, कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़कों पर रिफ्लेक्टर, कैट्स-आई और संकेतक लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, पशुपालन विभाग से पशुओं के लिए गर्म आश्रय, सूखा बिछावन, पौष्टिक चारा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने समेत कृषि विभाग से किसानों को पाले से फसलों के बचाव के लिए मौसम आधारित सलाह देने की सलाह दी है।

आपात स्थिति में यहां करें संपर्क

जिलाधिकारी ने आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम 1077, राज्य कंट्रोल रूम 1070, पुलिस सहायता 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 पर संपर्क करने को कहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X