Hapur News:श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व – Guru Nanak Dev Ji Birth Anniversary Celebrated With Devotion And Joy
हापुड़। मेरठ तिराहा स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार में मंगलवार को जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश गुरुपर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर साहिब के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में सिख संगत ने पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के साथ हुआ। इसके बाद श्री दरबार साहिब अमृतसर से आए रागी जत्थे ने गुरबाणी का मनमोहक कीर्तन कर संगत को निहाल किया। भाई कमलजीत सिंह के कविश्री जत्थे ने काव्य के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। संत आश्रम भोरा साहिब के मुखी बाबा निर्मल सिंह ने गुरबाणी कीर्तन किया। उत्तर प्रदेश सिख मिशन के प्रभारी सरदार ब्रजपाल सिंह ने भी कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया और संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी।
इस अवसर पर हापुड़ के विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका। बाबूगढ़ कैंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजीव नंदा और कैप्टन डॉ. अंगद सिंह ने भी गुरु दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। ज्ञानी प्रभदयाल सिंह हेड ग्रंथी ने सरबत के भले की अरदास की। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
इस मौके पर सरदार बूटा सिंह, हरविंदर सिंह, कहान सिंह, खेम सिंह, दलजीत सिंह, हरजीत सिंह, प्रेम सिंह, समरजीत सिंह, इकबाल सिंह, देविंदर सहारा, देविंदर एग्रीकल्चर, बलबीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, मदन लाल, चरणजीत सिंह और हरविंदर नेता जी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मेरठ तिराहा स्थित गुरुद्वारे में कीर्तन करते रागी जत्था। संवाद

मेरठ तिराहा स्थित गुरुद्वारे में कीर्तन करते रागी जत्था। संवाद

मेरठ तिराहा स्थित गुरुद्वारे में कीर्तन करते रागी जत्था। संवाद
