Haridwar News:ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर बनाया जा रहा रैंप युक्त फुटओवरब्रिज – Foot-overbridge With A Ramp Being Constructed At Jwalapur Railway Station
– ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सीढ़ियों के कारण प्लेटफार्म बदलने में होती थी परेशानी
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से रैंप युक्त फुटओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने पर व्हीलचेयर से चलने वाले यात्री आसानी से एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जा सकेंगे और उन्हें दूसरों की मदद नहीं लेनी पड़ेगी।
दरअसल, पहले से बने फुटओवरब्रिज में रैंप की सुविधा नहीं होने के कारण दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती थी। यात्रियों की समस्या को देखते हुए रेलवे ने नए रैंप युक्त फुटओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराया है। स्टेशन अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके शुरू होने से दिव्यांग, बुजुर्ग और चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
