रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरिद्वार

Haridwar News:हथियार सप्लाई को आए तीन आरोपियों से मुठभेड़, एक को लगी गोली – Encounter With Three Suspects Arriving To Supply Weapons; One Sustains A Gunshot Wound

November 15, 2026


– बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, आरोपियों से दो पिस्तौल, एक तमंचा मिला

– पुलिस की जांच में लंबे समय से हथियार सप्लाई करने की बात आई सामने

पुलिस ने उसके दो साथियों विशाल और भूपेंद्र को भी गिरफ्तार किया

हरिद्वार/बहादराबाद। बहादराबाद कोतवाली में अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए पहुंचे तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। इस बीच दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को जिला मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में आरोपियों के लंबे समय से हथियार तस्करी करने की बात सामने आई है। पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर पुलिस धरपकड़ में जुट गई है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक होटल के पास कुछ बदमाश पिस्तौल की सप्लाई करने के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने टीम के साथ मौके पर चेकिंग शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस को तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक ने फायरिंग की और गन्ने की खेत की तरफ भाग निकला। एक टीम उसके पीछे पहुंची। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। आरोपी की पहचान मुकुल (25) निवासी ग्राम बमोरी, सरधना, मेरठ के रूप में हुई है।

एसएसपी ने बताया कि मौके से मुकुल के साथी विशाल निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर के पास बहादराबाद और भूपेंद्र निवासी मंसूरपुर झोरा, मुजफ्फरनगर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं, जबकि भूपेंद्र के पास से एक तमंचा मिला है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हथियार कहां से लाए गए थे और किन लोगों तक इनकी सप्लाई होनी थी, इसका पता लगाया जा रहा है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X