रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:दूरी के मानक ध्वस्त, बिना पढ़ाई वाले स्कूल भी बने केंद्र – Schools With No Actual Instruction Also Designated As Centers
हाथरस

Hathras News:दूरी के मानक ध्वस्त, बिना पढ़ाई वाले स्कूल भी बने केंद्र – Schools With No Actual Instruction Also Designated As Centers

November 26, 2026


हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के माध्यमिक शिक्षा परिषद के तमाम दावों की जमीनी हकीकत जिले में चौंकाने वाली है। जिले के करीब 44 हजार परीक्षार्थियों के लिए प्रस्तावित केंद्र निर्धारण सूची में शासनादेश और दूरी के मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गई हैं।

सॉफ्टवेयर आधारित जियो-टैगिंग और सख्त मानकों के दावों के बीच कई छात्राओं के परीक्षा केंद्र 15 से 20 किलोमीटर दूर आवंटित कर दिए गए हैं, जिससे परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भारी रोष है।

प्रबंधक का आवास, फिर भी बना दिया केंद्र

माध्यमिक शिक्षा परिषद की केंद्र निर्धारण नीति में स्पष्ट प्रावधान है कि जिस विद्यालय परिसर में प्रबंधक या प्रधानाचार्य का आवास स्थित हो, उसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जा सकता, ताकि परीक्षा की शुचिता प्रभावित न हो। आपत्ति दर्ज हुई है कि मुरसान में एक परीक्षा केंद्र बना दिया गया है, जबकि विद्यालय परिसर में खुद प्रबंधक का आवास बना हुआ है। यह सीधे तौर पर बोर्ड के नियमों का उल्लंघन है।

छात्राओं के लिए ये है मानक

बोर्ड की नीति के तहत छात्राओं को स्वकेंद्र अथवा अधिकतम पांच किलोमीटर (हाईस्कूल) और आठ किलोमीटर (इंटरमीडिएट) की परिधि में ही परीक्षा केंद्र आवंटित करने का मानक है।

केस-1 : प्रेमवती देवी इंटर कॉलेज, बिछिया की हाईस्कूल की 31 और इंटरमीडिएट की 34 छात्राओं का परीक्षा केंद्र जीकेआरडी इंटर कॉलेज नगला ओझा (बिसाना) में बना दिया गया है। विद्यालय से इस केंद्र की दूरी 20 किलोमीटर से भी अधिक है। कोहरे और ठंड के बीच इतनी लंबी दूरी तय कर परीक्षा देने पहुंचना छात्राओं के लिए बड़ी मुसीबत बनेगा।

केस-2 : एमबीबी इंटर कॉलेज, ऊंचा नसीरपुर की इंटरमीडिएट की 42 छात्राओं को एसके गौतम इंटर कॉलेज, महावतपुर आवंटित किया गया है। इस केंद्र की दूरी भी मूल विद्यालय से करीब 15 किलोमीटर है, जो निर्धारित आठ किलोमीटर के मानक से लगभग दोगुनी है।

केस-3 : श्रीमती अंगूरी देवी इंटर कॉलेज, बैरीसला को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर एसपीएस रेजिडेंशियल हाईस्कूल, मुरसान की हाईस्कूल की छात्राओं को परीक्षा देने के लिए आवंटित किया गया है। बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुसार, हाईस्कूल की छात्राओं का परीक्षा केंद्र उनके विद्यालय से अधिकतम पांच किलोमीटर की परिधि में होना चाहिए, लेकिन इस केंद्र की दूरी छह किलोमीटर से अधिक है

नियमित कक्षाओं के 20 अंकों का नियम भी बेअसर

शासन ने इस बार केंद्र निर्धारण नीति में बड़ा बदलाव करते हुए न्यूनतम 180 कार्य दिवसों तक विद्यार्थियों व शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यालयों को 10 के बजाय 20 अंक देने का प्रावधान किया था, ताकि केवल नियमित पढ़ाई वाले विद्यालय ही केंद्र बन सकें। इसके उलट, जिले में कई ऐसे विद्यालयों को केंद्र बना दिया गया है, जहां नियमित कक्षाओं का संचालन ही नहीं होता।

मैंने आज ही कार्यभार संभाला है, जो दिक्कतें हैं, उनकी फाइलों को देखकर निर्णय लिया जाएगा। अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो सही कराया जाएगा।

-हर्ष देव स्वामी, डीआईओएस

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X