रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:दफ्तरों के चक्कर छोड़िए, एप पर शिकायत करते ही दौड़ेंगे सफाईकर्मी – Forget About Making Rounds Of Offices; Sanitation Workers Will Rush To Your Location As Soon As You File A Complaint Via The App

November 23, 2026


हिसार। शहर में गंदगी या कचरे के ढेर की शिकायत करने के लिए अब नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। स्वच्छता एप पर फोटो और लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज करते ही सफाईकर्मी हरकत में आ रहे हैं। शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर कचरे का उठान किया जा रहा है।

खास बात यह है कि सफाई कार्य से संतुष्ट नहीं होने पर शिकायतकर्ता समाधान को रिजेक्ट (अस्वीकार) भी कर सकता है। इससे शिकायत दोबारा खुल जाती है और संबंधित कर्मचारियों को फिर से सफाई करनी पड़ती है। निगम की स्वच्छता शाखा में रोजाना एप के माध्यम से 15 से 20 शिकायतें पहुंच रही हैं।

नगर निगम कार्यालय में सीधे लिखित शिकायत देने पर कई बार लोगों को समाधान के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। इसके विपरीत, स्वच्छता एप पर दर्ज शिकायतों की उच्च अधिकारियों की ओर से ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित क्षेत्र के सफाई निरीक्षक (सेनेटरी इंस्पेक्टर) और सुपरवाइजर को अलर्ट मिल जाता है। उन्हें तय समय सीमा में शिकायत का निस्तारण करना होता है।

फोटो अपलोड करते ही हरकत में आती है टीम

इस डिजिटल व्यवस्था के तहत नागरिक मोबाइल फोन से गंदगी या कचरे के ढेर की फोटो खींचकर लोकेशन के साथ एप पर अपलोड कर सकते हैं। लोकेशन मिलने से सफाई कर्मचारियों को संबंधित स्थान तलाशने में समय नहीं लगता। कचरा उठाने के बाद कर्मचारियों को साफ-सुथरे स्थान की फोटो भी खींचकर पोर्टल पर अपलोड करनी होती है। इससे सफाई कार्य की पुष्टि के साथ व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहती है।

सफाई से संतुष्ट नहीं तो रिजेक्ट कर सकते हैं समाधान

स्वच्छता एप पर शिकायतकर्ता को समाधान की पुष्टि करने का विकल्प भी मिलता है। यदि सफाई कर्मचारियों ने पूरा कचरा नहीं उठाया है या शिकायतकर्ता कार्य से संतुष्ट नहीं है तो वह एप पर समाधान को रिजेक्ट कर सकता है। इसके बाद शिकायत दोबारा खुल जाती है और संबंधित कर्मचारी से जवाब-तलबी की जाती है। इस तरह शिकायत का समाधान होने तक उसकी निगरानी की जा सकती है।

यह रही स्थिति…

अमर उजाला संवाददाता ने स्वच्छता एप पर अर्बन एस्टेट में गंदगी की फोटो अपलोड की। 20 घंटे बाद मौके पर सफाई करवाई गई और निगम के एएसआई ने एप पर समाधान की रिपोर्ट अपलोड कर दी। सफाई से संतुष्ट नहीं होने पर समाधान को रिजेक्ट किया गया तो दोबारा सफाई करवाई गई। इसी तरह शहरवासी रोहताश कुमार ने आजाद नगर और शीशपाल ने मलिक चौक क्षेत्र में गंदगी की फोटो अपलोड की। इन दोनों शिकायतों का भी 18 घंटे में समाधान करवा दिया गया।

ऐसे करें स्वच्छता एप पर शिकायत

प्ले स्टोर से स्वच्छता एप डाउनलोड करें। इसमें मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी आएगा। ओटीपी भरने के बाद कई विकल्प दिखाई देंगे। सबसे ऊपर दिए गए विकल्प पर क्लिक करके संबंधित क्षेत्र और शिकायत का संक्षिप्त विवरण लिखें। इसके बाद नीचे दिए गए फोटो खींचने के विकल्प पर क्लिक कर गंदगी की फोटो अपलोड करें। इस तरह शिकायत सीधे एप पर दर्ज हो जाएगी।

शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। नागरिक गंदगी या कचरा उठान से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय स्वच्छता एप का उपयोग कर सकते हैं, ताकि उन्हें त्वरित राहत मिल सके।

– डॉ. प्रदीप हुड्डा, अतिरिक्त निगम आयुक्त, नगर निगम।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X