Sonipat News:हाईवे पर रोजाना दो से तीन हादसे, डेढ़ दशक से अधर में ट्रामा सेंटर का इंतजार – Two To Three Accidents Occur Daily On The Highway, And A Trauma Center Has Been Awaited For A Decade And A Half
-घायलों को समय पर उपचार दिलाने की चुनौती, हाईवे पर आपात स्थिति के लिए तीन एंबुलेंस उपलब्ध
-टोल फ्री नंबर 1037 पर मिलती है एंबुलेंस की सुविधा, जिला नागरिक अस्पताल की 34 एंबुलेंस में से तीन खराब
-टोल प्लाजा पर क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था, नागरिक अस्पताल में आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस 14 एंबुलेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क हादसों में इजाफा हो रहा है। रोजाना दो से तीन हादसों में घायल होने और जान भी गंवाने वालों की संख्या बढ़ रही है। सड़क हादसे में एक माह में औसतन करीब 15 लोगों की जान चली जाती है। हाईवे पर ट्रामा सेंटर स्थापित करने की योजना करीब डेढ़ दशक से अधर में लटकी हुई है।
हाईवे पर वाहनों की बढ़ती संख्या और तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। रोजाना दो से तीन दुर्घटनाएं होने से आपात चिकित्सा व्यवस्था पर भी दबाव रहता है। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है।
घटनास्थल पर तत्काल एंबुलेंस पहुंचना और घायल को बिना देरी अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। आपात स्थिति में राहत पहुंचाने के लिए हाईवे पर तीन एंबुलेंस उपलब्ध हैं। टोल प्लाजा पर क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। सवाल यह है कि जब हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं तो घायलों को घटनास्थल के आसपास ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्रामा सेंटर कब तक बनेगा।
डेढ़ दशक से ट्रामा सेंटर का इंतजार, नहीं मिली सुविधा
15 साल बाद भी ट्रामा सेंटर की सुविधा शुरू नहीं हो सकी है। ट्रामा सेंटर होने से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल विशेषज्ञ उपचार, आपात सर्जरी और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकती हैं। फिलहाल इसके अभाव में गंभीर मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल या अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में ले जाना पड़ता है।
अस्पताल के तीन एंबुलेंस खराब
आपात चिकित्सा सेवाओं के लिए जिला नागरिक अस्पताल के बेड़े में कुल 34 एंबुलेंस हैं। इनमें से तीन एंबुलेंस खराब होने के कारण फिलहाल सेवा में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में शेष एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और आपात स्थितियों में सेवाएं देने की जिम्मेदारी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच एंबुलेंस की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति महत्वपूर्ण हो जाती है। समय पर एंबुलेंस पहुंचने से कई गंभीर घायलों की जान बचाई जा सकती है।
टोल प्लाजा पर क्रेन और पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात
हाईवे पर दुर्घटना और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए टोल प्लाजा की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां एंबुलेंस के साथ क्रेन और पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध रहते हैं। दुर्घटना होने पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालने और राहत कार्य में मदद करती है। वहीं, क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया जा सकता है। इन व्यवस्थाओं के बावजूद हाईवे पर आधुनिक ट्रामा सेंटर की कमी खल रही है। हादसों में घायलों को त्वरित और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए ट्रामा सेंटर की स्थापना अब भी बड़ी जरूरत बनी हुई है।
=
-हाईवे पर दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर टोल फ्री नंबर 1037 पर संपर्क कर एंबुलेंस की सुविधा ली जा सकती है। इन एंबुलेंस में जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान प्राथमिक चिकित्सा और जरूरी आपात सहायता दी जा सके।
-प्रांजल मिश्रा, परियोजना अभियंता, एनएचएआई
-ट्रामा सेंटर का प्रस्ताव चार साल पहले भेजा गया था। उसे मंजूरी नहीं मिल सकी। अब नागरिक अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रामा सेंटर की तरह की सुविधा दी जा रही हैं।
डॉ.अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन

फोटो: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में कंडम खड़ी एंबुलेंस। संवाद

फोटो: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में कंडम खड़ी एंबुलेंस। संवाद
