भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पलटवार किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन पर चाहे राजनीतिक दबाव बनाया जाए या पारिवारिक, वे किसी भी स्थिति में झुकने वाली नहीं हैं। कांग्रेस नेताओं को दो टूक जवाब देते हुए अनुकृति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेना उनका पूरी तरह से निजी फैसला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आप सभी को अपनी पार्टी के लिए काम करने और अपनी विचारधारा को आगे बढ़ाने का अधिकार है।
उसी तरह अपनी विचारधारा को चुनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की स्वतंत्रता मुझे भी है। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को ऐसे प्रयासों से बचने की नसीहत देते हुए अनुकृति ने दृढ़ता के साथ अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की एक समर्पित सिपाही हैं। पूरी निष्ठा व मजबूती के साथ अपनी पार्टी के साथ खड़ी हैं। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने स्वीकार किया था कि वे अपनी बहू अनुकृति को भी कांग्रेस में आने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे हैं।