Jhansi News:कथाओं में उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु, 100 करोड़ के कारोबार की उम्मीद – Hundreds Of Thousands Of Devotees Expected To Flock To The Religious Discourses; Business Turnover Projected To Reach 100 Crore
झांसी। शिव महापुराण एवं हनुमंत कथा के अलावा राम कथा और हनुमान चालीसा का पाठ के अनुष्ठान में लाखों श्रद्धालुओं के झांसी पहुंचने की संभावना है। मुक्ताकाशी मंच के साथ-साथ ओरछा के कनक भवन में भी रामकथा शुरू हो गई है। इससे भी शहर के व्यापार को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। बिजनेस डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन की रिसर्च टीम के सर्वेक्षण के मुताबिक, इन धार्मिक आयोजनों से झांसी में करीब 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कारोबार होने का अनुमान है।
सर्वेक्षण के अनुसार, होटल और रेस्टोरेंट में 15 से 20 करोड़ रुपये, किराना एवं खानपान सामग्री में करीब 15 करोड़ रुपये, पूजन सामग्री में पांच करोड़ रुपये, परिवहन क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये और प्रचार-प्रसार पर करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। इसके अलावा रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं के कारोबार में भी लगभग आठ करोड़ रुपये की वृद्धि का अनुमान है। अन्य क्षेत्रों को मिलाकर कुल अतिरिक्त कारोबार करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
उप्र व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री संजय पटवारी ने बताया कि सदर विधायक रवि शर्मा की ओर से 4 से 13 दिसंबर तक झांसी में आयोजित होने वाली शिव महापुराण और हनुमंत कथा को लेकर बिजनेस डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन की रिसर्च टीम ने सर्वेक्षण किया है। सर्वेक्षण में संगठन के अध्यक्ष संजय गेड़ा, कुलदीप सिंह दांगी, दिलीप अग्रवाल, रिंकू राय, सुनील नगरिया और हर्षवर्धन सेठ की प्रमुख भूमिका रही।
