Jhansi News:हड़ताली कर्मियों ने ठुकराया एडीएम का आश्वासन, बोले मांगें पूरी होने पर लौटेंगे – Striking Workers Reject Adms Assurance Say They Will Return Only Once Their Demands Are Met
झांसी। मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स सफाई कर्मियों की बेमियादी हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। हड़ताली कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। एडीएम ने हड़ताली कर्मियों को काम पर लौटने और जांच कर समस्याओं के निदान का भरोसा दिया, जिसे हड़ताली कर्मियों ने ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि अब मांगें पूरी होने पर ही लौटेंगे। हड़तालियों ने कहा कि पहले भी कई बार अधिकारी भरोसा दे चुके हैं, लेकिन मगर परिणाम आज तक नहीं आया।
मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स के करीब 750 सफाई कर्मी शासन के आदेशानुसार न्यूनतम मजदूरी दर से भुगतान और यूपीकॉस में समायोजित की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कर्मी कई बार कामबंद हड़ताल कर चुके हैं। 14 अक्तूबर को जब इन कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया तो एडीएम ने आश्वासन दिया था कि 40 दिन में मांगों का निदान कर दिया जाएगा। बुधवार को 40 दिन पूरे होने पर जब मांगें पूरी नहीं हुईं तो एकजुट कर्मियों ने गेट नंबर एक पास पहुंचकर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी, जो बृहस्पतिवार को भी जारी रही।
इसकी सूचना पर एडीएम प्रशासन एके गुप्ता मौके पर पहुंच। उन्होंने हड़ताली कर्मियों से बातचीत करते हुए काम पर लौटने और तीन सदस्यीय टीम से जांच कराकर जल्द समस्याओं व मांगों के निदान का भरोसा दिया। इस पर आंदोलित कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि वे कई बार आश्वासन पर भरोसा कर चुके हैं, मगर परिणाम आज तक नहीं निकला। अब मांगें पूरी होने के बाद ही काम पर लौटेंगे।
