Jind News:जिला बार एसोसिएशन के पांच पदों के लिए 23 दिसंबर को होगा मतदान – Voting For Five Positions In The Bar Association Will Take Place On December 23
जींद। जिला बार एसोसिएशन जींद के वार्षिक चुनाव 2026 का बिगुल बज गया है। एडहॉक कमेटी ने बार काउंसिल पंजाब व हरियाणा के निर्देशों और हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है।
बार एसोसिएशन के पांच पदों प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह-सचिव और खजांची के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा। उपप्रधान का पद बार काउंसिल के नियमों के अनुसार महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित रहेगा। एडहॉक कमेटी की बैठक 27 नवंबर को प्रधान के कक्ष में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव कार्यक्रम को मंजूरी दी गई।
इसके अनुसार बार एसोसिएशन का चंदा जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। तीन दिसंबर को वोटर लिस्ट जारी होगी।
इस पर चार दिसंबर को आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी, जबकि पांच दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उम्मीदवार सात और आठ दिसंबर को नामांकन दाखिल कर सकेंगे। . नौ दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और दस दिसंबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि रहेगी। इसके बाद 23 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम को मतों की गिनती की जाएगी।
