Jind News:जींद के जसवंत सिवाच बने भारतीय एथलेटिक्स टीम के कोच – Jaswant Siwach From Jind Becomes Coach Of The Indian Athletics Team
जींद। जिले के गांव पडाना निवासी जसवंत सिवाच को बिम्सटेक एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम का कोच नियुक्त किया गया है। सिवाच वर्तमान में एथलेटिक्स हरियाणा में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
बिम्सटेक एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 25 से 27 नवंबर तक ओडिशा के भुवनेश्वर में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में होगा। प्रतियोगिता में भारत सहित बिम्सटेक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। भारतीय टीम के कोच के रूप में जसवंत सिवाच खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन देने, उनकी तैयारियों को बेहतर बनाने और प्रतियोगिता के दौरान रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
एथलेटिक्स हरियाणा के मीडिया प्रभारी (खेल) सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि सिवाच का चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने लंबे समय से जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में सैकड़ों खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीत चुके हैं।
उनके चयन पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान, एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह, महासचिव प्रदीप मलिक, निदेशक नरेंद्र मोर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी।
बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया
जसवंत सिवाच ने कहा कि उनका लक्ष्य हरियाणा में एथलेटिक्स को मजबूत करना और बच्चों व युवाओं को खेलों से जोड़ना है। इसके लिए गांवों से प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें वैज्ञानिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही नए कोच तैयार करने और महिला कोचों को अधिक अवसर देने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
