रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:पुलिस पर पथराव के आरोप में चार आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज – Court News

November 29, 2026


मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के कैथोड़ा गांव में विवाद के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने और पथराव करने के आरोप में चार आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) के पीठासीन अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने आरोपी शहजाद, सद्दाम, सरफराज और फैज आलम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

अभियोजन के अनुसार, गांव में आगामी पंचायत चुनाव में संभावित प्रत्याशी हाजी इसरार के समर्थन में शहजाद ने अपने मोबाइल के व्हाट्सएप स्टेटस पर पंपलेट लगाया था। इस पर फरमान की टिप्पणी को लेकर नौ नवंबर की रात शहजाद और फरमान पक्ष के बीच कहासुनी हो गई थी।

अगले दिन दोनों पक्षों के लोग गांव में बाबू लियाकत के घर पर समझौते के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को घेरकर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पथराव किया। बाद में पुलिस बल पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

अदालत ने मामले की गंभीरता, आरोपियों की प्रथम दृष्टया संलिप्तता और विवेचना जारी होने के तथ्यों को देखते हुए अग्रिम जमानत का पर्याप्त आधार नहीं पाया। इसके बाद शहजाद, सद्दाम, सरफराज और फैज आलम की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X