रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

Kanpur News:543 पहुंचा औसत एक्यूआई, सरकारी आंकड़े 225 बताते रहे – Average Aqi Reached 543, While Official Figures Continued To Show 225

November 15, 2026


कानपुर। सड़कों की खुदाई, निर्माण कार्यों से निकला मलबा खुले में पड़ा रहने, कूड़ा जलाने, सड़कों पर उड़ती धूल की वजह से शनिवार रात में औसत एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 543 पर पहुंच गया। हालांकि पेड़-पौधों के बीच लगे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के तीनों प्रदूषण मापक यंत्रों का औसत एक्यूआई 225 तक ही पहुंचा। सुबह और शाम से रात तक धुंध छाई रही। इससे दमा के मरीजों की तकलीफ बढ़ने के साथ ही गले में खराश के मरीज भी बढ़ गए हैं।

सीपीसीबी ने शहर में तीन स्थानों एनएसआई कल्याणपुर, किदवईनगर में संजय वन के बगल में स्थित वानिकी प्रशिक्षण संस्थान और नेहरूनगर चौराहे पर प्रदूषण मापक यंत्र लगवाए हैं। इनमें से एनएसआई और वानिकी प्रशिक्षण संस्थान में पेड़-पौधों के बीच यंत्र लगे हैं। तीसरा यंत्र नेहरूनगर चौराहे पर लगा है। सीपीसीबी इनकी रिपोर्ट की निगरानी करता है। नगर निगम भी इन तीनों इलाकों में एंटी स्मॉग गनों और टैंकरों से पानी छिड़कवाता रहता है। इसके चलते शनिवार रात साढ़े आठ बजे तक एनएसआई में एक्यूआई 231, किदवईनगर में 189 और नेहरूनगर में एक्यूआई 256 रहा।

शहर में 52 स्थानों पर निजी एजेंसियों के प्रदूषण मापक यंत्र लगे हैं। इनके आंकड़ों के अनुसार फजलगंज, गड़रियनपुरवा, डिप्टी पड़ाव, बासमंडी, जाजमऊ, बर्रा, भौती, यशोदानगर, नौबस्ता, परेड, कर्रही सहित विभिन्न क्षेत्रों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। रात नौ बजे बर्रा-2 में एक्यूआई 607, भौंतीखेड़ा में 580, अशोकनगर में 529, अहिरवां में 482, मीरपुर में 569, यशोदानगर में 596, परमपुरवा में एक्यूआई 584 रहा। सीपीसीबी इन मोहल्लों सहित 52 स्थानों में लगे कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) के प्रदूषण मापक यंत्रों की रिपोर्ट को भी नहीं मानता।

इसलिए बढ़ रहा प्रदूषण

जानकारों के अनुसार नगर निगम मुख्यत: वहीं पर पानी का छिड़काव करता है जहां सरकारी प्रदूषण मापक यंत्र लगे हैं। बाकी जगहों पर कभी-कभार ही छिड़काव होता है। स्वरूपनगर, यशोदानगर, कर्रही रोड, लालबंगला कल्याणपुर सहित विभिन्न मोहल्लों में मिट्टी के ढेर लगे हैं। यहां सड़कों का निर्माण हो रहा है। निर्माण सामग्री भी ढककर नहीं रखी जा रही। इसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सरकारी आंकड़ों और निजी एंजेंसियों की एक्यूआई रिपोर्ट में लगभग दोगुने का अंतर रहता है। सीपीसीबी के प्रदूूषण मापक यंत्रों की रिपोर्ट कम रहती है जबकि निजी एजेंसियों के यंत्रों में ज्यादा। शनिवार को रात नौ बजे सरकारी एजेंसी के यंत्रों में एक्यूआई 225 रहा जबकि निजी एजेंसी के यंत्रों में 546 रहा। इसके अलावा सड़कों की खोदाई, निर्माण कार्यों से निकला मलबा खुले में पड़ा रहना, खुले में कूड़ा जलाना, सड़कों पर उड़ती धूल, दीपावली के बाद आतिशबाजी से निकले धुएं और बारीक कणों का असर भी वातावरण में होने से वायु प्रदूषण बढ़ गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X