जुंडला। दिल्ली में आयोजित एसबीडी नेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जिले के गोंदर गांव की प्रीती राणा ने कांस्य पदक जीता है। उन्होंने 70 किलोग्राम भार वर्ग में देशभर के खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रीती राणा के कोच दीप सिंह ने बताया कि उन्होंने स्क्वाट में 95 किलोग्राम भार उठाया। बेंच प्रेस में प्रीती ने 50 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 130 किलोग्राम भार उठाया। तीनों स्पर्धाओं में कुल 275 किलोग्राम भार उठाकर उन्होंने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
उन्होंने कहा कि प्रीती ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौरान अपनी ताकत, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। प्रीती की उपलब्धि पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।