Karnal News:ढहेलिया पहली पसंद, गेंदा की महक बरकरार – Dahlias Are The Top Choice, While The Fragrance Of Marigolds Remains As Strong As Ever
करनाल। सर्दियों की दस्तक के साथ ही घरों और आंगनों में रंग-बिरंगे फूलों की रौनक लौटने लगी है। ठंडे मौसम में खिलने वाले पौधों की खरीदारी के लिए लोग नर्सरियों का रुख कर रहे हैं। इनमें डहेलिया अपने बड़े और आकर्षक फूलों की वजह से लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। वहीं, गेंदा और गुलदाउदी की खुशबू व रंगत का आकर्षण भी बरकरार है।
नर्सरी संचालक अकील अली ने बताया कि लोग घरों की बालकनी, छत और बगीचे को सजाने के लिए डहेलिया, पिटूनिया, साल्विया, गज़ेनिया, वर्बीना, बोगनवेलिया, कलांचू और पॉइनसेटिया जैसे मौसमी पौधे खरीद रहे हैं। नर्सरियों में इन पौधों की कीमत 60 से 200 रुपये तक है।
फूल और खासियत
• डहेलिया: यह कंदों से उगने वाला एक रंग-बिरंगा पौधा है। इसके फूलों का आकार दो इंच से लेकर एक फुट से भी बड़ा हो सकता है। यह लाल, पीले, गुलाबी, नारंगी, सफेद और बैंगनी रंगों में मिलता है। इसकी बॉल, कैक्टस, पोम-पोम और डिनर-प्लेट जैसी किस्में काफी लोकप्रिय हैं।
• गेंदा और गेंदी: ये एक ही परिवार के लोकप्रिय पौधे हैं, लेकिन इनके फूलों के आकार और बनावट में अंतर होता है। बड़े और घने फूल वाले पौधे को गेंदा, जबकि छोटे व हल्के फूल वाले पौधे को गेंदी कहा जाता है।
• गुलदाउदी: यह एक मौसमी सजावटी पौधा है, जो पीले, सफेद, गुलाबी, लाल, बैंगनी और नारंगी रंगों में पाया जाता है। बागवानी में इसकी पॉमपॉम, डेज़ी, स्पाइडर, एनीमोन और स्नोबॉल किस्में प्रचलित हैं। इसे कम धूप की आवश्यकता होती है।
• गज़ेनिया: इसके फूल डेज़ी जैसे दिखते हैं, जो तेज़ धूप में खिलते हैं और शाम या बादल छाने पर बंद हो जाते हैं। 6 से 12 इंच तक ऊंचे इस पौधे में बीज बोने के 70–85 दिन बाद फूल आने लगते हैं।
• पैंजी: यह सर्दियों का बेहद खूबसूरत फूल है। इसकी पंखुड़ियों की बनावट और बीच के गहरे धब्बे तितली या मुस्कुराते हुए चेहरे जैसे दिखते हैं।
• स्पेशल फूल: खास अवसरों पर उपहार और सजावट के लिए गुलाब के अलावा ऑर्किड और लिली भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।
कम पानी और वर्मी कंपोस्ट का करें इस्तेमाल
अक्सा नर्सरी के संचालक अकील अली ने बताया कि ठंड में मिट्टी देर से सूखती है, इसलिए रोज़ाना पानी न दें। उंगली से जांचें कि मिट्टी की ऊपरी परत सूखी है या नहीं, तभी पानी डालें। ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं और पानी जमा होने से पौधा खराब हो सकता है। रात की ओस और ठंडी हवा से पत्तियों व कलियों को बचाने के लिए गमलों को दीवार या बरामदे की आड़ में रखें या अधिक ठंड में हल्का ढक दें। उन्होंने सलाह दी कि हर 1 से 3 हफ्ते में मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें और संतुलित मात्रा में केवल वर्मी कंपोस्ट का ही इस्तेमाल करें।

ढहेलिया बैंगनी।

ढहेलिया बैंगनी।

ढहेलिया बैंगनी।
