Karnal News:मार्कर से बदली मिली अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायर होने की तारीख – Expiry Dates On Fire Extinguishers Found Altered Using A Marker
इंद्री। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की टीम मंगलवार को उपमंडल नागरिक अस्पताल इंद्री पहुंची। अस्पताल परिसर में लगे अग्निशमन यंत्रों पर एक्सपायर होने की तारीख मार्कर पेन से बदली हुई मिली।
सीआरएम टीम ने अस्पताल पहुंचने के बाद विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। गुरु नानक देव जी की जयंती के उपलक्ष्य में सरकारी अवकाश होने के बावजूद अस्पताल का स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद रहा।
टीम के सदस्य अलग-अलग समूहों में बंटकर प्रसूति विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित कार्यक्रमों, दवाओं के रिकॉर्ड, मित्र क्लीनिक, ऑक्सीजन प्लांट और आपातकालीन सुविधाओं की स्थिति देखने पहुंचे। इस दौरान मरीजों को दी जा रही सुविधाओं से जुड़े दस्तावेज और रजिस्टरों की भी जांच की गई।
संबंधित विभागों के कर्मचारियों से जानकारी ली गई और उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान किया गया।
नीलोखेड़ी और दहा में टीम ने कुछ ऐसी सामग्री देखी, जिस पर उसे संदेह हुआ। इसके बाद संबंधित रिकॉर्ड और रजिस्टर मंगवाए गए। टीम ने मौके पर उपलब्ध सामग्री का दस्तावेज से मिलान किया और कुछ सामग्री अपने साथ ले गई।
इससे स्पष्ट है कि टीम केवल व्यवस्थाएं देखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध चीजों की वास्तविक स्थिति भी जांच रही थी।
