जैथरा। सहालग और शुभकार्य शुरू होते ही कस्बे में पारंपरिक मिठाई बतासों की मांग और बिक्री तेजी से बढ़ गई है, जिससे दुकानदारों और कारीगरों के चेहरे खिल उठे हैं। शादी-विवाह के सीजन में शगुन, भात, बान और पूजा-पाठ में बतासों के इस्तेमाल के चलते दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग बड़ी मात्रा में बतासे खरीदने पहुंच रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार चीनी और गुड़ के दाम बढ़ने के बावजूद बिक्री पर कोई असर नहीं पड़ा है और कई दुकानों पर पहले से ही ऑर्डर मिल चुके हैं। ग्राम लहचोरा निवासी कारीगर अनिल वर्मा ने बताया कि ग्रामीण अंचलों में लड़कों की लगुन चढ़ने पर बतासे बांटने की परंपरा आज भी कायम है, जिसके चलते कारीगर दिन-रात बतासे तैयार करने में जुटे हैं। संवाद