रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कन्नौज

Kannauj News:गूरा व सिंहपुर की टेंडर प्रक्रिया पूरी, शेष नौ स्वास्थ्य उपकेंद्र की कवायद तेज – Tender Process For Goora And Singhpur Completed; Efforts Intensified For The Remaining Nine Health Sub-centers

November 27, 2026


कन्नौज। जिले में 11 स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गई है। शासन के निर्देश पर निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। जिला पंचायत द्वारा गूरा व सिंहपुर की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, शेष नौ स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए भी कवायद तेज कर दी गई है। प्रत्येक उपकेंद्र के निर्माण पर करीब 41.57 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

उपकेंद्रों का निर्माण होने से ग्रामीणों को गांव के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का इलाज और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम उपकेंद्रों से ही संचालित होंगे। इससे लोगों को छोटे इलाज के लिए जिला अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं जाना पड़ेगा। समय और धन दोनों की बचत होगी।

जिला पंचायत द्वारा गूरा व सिंहपुर में उपकेंद्र निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही वहां निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। शेष नौ उपकेंद्रों के लिए भी भूमि चिह्नांकन का कार्य पूरा हो गया है। उनकी टेंडर प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है, ताकि तय समय में निर्माण पूरा कराया जा सके।

उपकेंद्रों में आवश्यक कक्ष, शौचालय, पानी और बिजली की व्यवस्था भी कराई जाएगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी उपकेंद्रों का निर्माण समय से पूरा कराया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X