Kotdwar News:पेयजल संकट से जूझ रहे धरगांव और सौंटियालधार के ग्रामीण – Villagers In Dhargaon And Saontialdhar Grappling With A Drinking Water Crisis
पेयजल संकट से जूझ रहे धरगांव और सौंटियालधार के ग्रामीण
कूरीखाल-धरगांव पेयजल योजना में अनियमितताओं का आरोप, खामियां दूर करने के लिए ईई को सौंपा ज्ञापन
पुरानी पाइपलाइन और जर्जर टैंकों से हो रही आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के धरगांव और सौंटियालधार में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने कूरीखाल-धरगांव पेयजल योजना के निर्माण में लापरवाही और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने योजना की खामियां दूर कर दोनों गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत योजना का निर्माण अधूरा और मानकों के विपरीत किया गया है। फिल्टर, बीएफजी समेत अन्य जरूरी कार्य ठीक से नहीं हुए, जिससे पानी का रिसाव हो रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद जल निगम ने गहड़ गांव को टैंक के पीछे से मुख्य लाइन में कनेक्शन दे दिया, जिससे धरगांव और सौंटियालधार की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों गांवों में अब भी पुराने और जर्जर टैंकों तथा वर्ष 1981-82 में बिछाई गई पाइपलाइन से पानी पहुंचाया जा रहा है। जगह-जगह लीकेज होने से समस्या बनी हुई है। उन्होंने नई पाइपलाइन बिछाने, पुराने टैंकों की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि डीएम पौड़ी को भी भेजी गई है। ज्ञापन भेजने वालों में जगदीश सिंह, अहमद्दीन, शब्बीर, शफीक अहमद, आसिया, सुल्ताना, महबूब अली, जावेद आलम, सारा बेगम, शाहरूख अली, साहिद हुसैन, नसीर अहमद, जमीर अहमद, कासिम और ईमान अली आदि शामिल रहे। वहीं जल संस्थान कोटद्वार की जेई अनुजा गुसाईं ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के समाधान के लिए काम शुरू कर दिया गया है। जल्द पेयजल समस्या का निराकरण कर आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
