Kotdwar News:मुक्तिधाम में एक साथ जलीं चार चिताएं – Four Funeral Pyres Burned Simultaneously At The Cremation Ground
एक साथ पंचतत्व में विलीन हुए दो सैनिक और उनकी पत्नियां
अपनों को आखिरी विदाई देते वक्त हर आंख से छलके आंसू
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। सोमवार दोपहर बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम का वह मंजर शायद ही कोई कभी भुला पाए। चार चिताएं एक साथ जलीं तो हर किसी का कलेजा कांप उठा। एक ओर दो सैनिकों की चिताएं थीं तो दूसरी ओर उनकी पत्नियों की। एक साथ उठती लपटों के बीच तीन परिवारों के सपने, खुशियां और अरमान भी मानो जल गए हो। आखिरी विदाई देते वक्त परिजनों की आंखों से आंसुओं की धारा थमने का नाम नहीं ले रही थी।
मुक्तिधाम में नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत की चिताएं एक-दूसरे के साथ जलाई गईं। सौरभ की चिता के बायीं ओर उनकी पत्नी सविता नेगी की चिता सजाई गई, जबकि राजेश की चिता के दायीं ओर नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं की चिता को मुखाग्नि दी गई। एक साथ चार चिताओं को अग्नि के हवाले होते देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक गई। किसी के लिए यह अपने बेटे को खोने का दुख था तो किसी के लिए पति और जीवनसंगिनी को हमेशा के लिए खो देने का असहनीय दर्द। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक हंसी-खुशी और भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे वहां अब कभी न भरने वाला खालीपन रह गया है। हर कोई उस मनहूस घड़ी को कोस रहा था जब तीन परिवारों के सात सदस्य कार में सवार होकर घूमने के लिए निकले थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि खुशियों के साथ शुरू हुआ यह सफर लौटते वक्त जिंदगी का सबसे दर्दनाक हादसा बन जाएगा। कच्छ में हुए सड़क हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी।
जारी
चंद्रमोहन शुक्ला
