शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुल्लू

Kullu News:तांदी-संसारी सड़क पर दड़ेड नाले पर बेली ब्रिज बनाने का काम शुरू – Work Begins On The Construction Of A Bailey Bridge Over The Daded Nallah On The Tandi-sansari Road

November 20, 2026


उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। तांदी-संसारी सड़क पर दड़ेड नाले के कारण बार-बार बाधित होने वाली आवाजाही की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 94 आरसीसी ने उदयपुर से करीब छह किलोमीटर आगे तिंदी की ओर दड़ेड नाले पर 120 फीट लंबे बेली ब्रिज को स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है।

बीआरओ ने अगले तीन दिनों में पुल को तैयार कर यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा है। दड़ेड नाला लंबे समय से इस सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। गर्मियों में नाले का जलस्तर बढ़ने और बरसात के दौरान बाढ़ आने से सड़क पर यातायात प्रभावित हो जाता है। कई बार नाले का पानी इतना बढ़ जाता है कि लोगों के लिए वहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर तिंदी और सलग्रां पंचायतों के अलावा पूरी पांगी घाटी तथा जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही पर पड़ता है।

इस नाले पर पहले भी दो से तीन बार पुल हिमखंड और बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ी है। नाले से होकर आवाजाही करना भी जोखिम और मुश्किलों से भरा रहता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बीआरओ की ओर से दोबारा 120 फीट लंबा बेली ब्रिज तैयार किया जा रहा है।

उदयपुर में तैनात बीआरओ की 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस ने बताया कि दड़ेड नाले पर पुल को स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले तीन दिनों में इसे आवाजाही के लिए तैयार करने का लक्ष्य है। पुल तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और मौसम खराब होने पर भी इस मार्ग पर निर्भरता बनी रहेगी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X