कुल्लू। ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान सजा अस्थायी बाजार अब रविवार से उखड़ना शुरू हो जाएगा। दशहरा उत्सव समिति की ओर से कारोबारियों को दुकानें लगाने के लिए 21 नवंबर तक की अनुमति दी गई थी। शनिवार को बाजार में कारोबार का आखिरी दिन रहा।
ऐसे में सामान पर छूट के चलते बाजार में खरीदारों की खूब भीड़ उमड़ी। कारोबारियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सामान के दाम कम किए, जिससे आखिरी दिन अच्छी बिक्री हुई। 21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में कारोबार करने के लिए दशहरा उत्सव समिति ने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कारोबारियों को प्लॉट आवंटित किए थे। कारोबारियों को उत्सव के बाद भी 32 दिनों तक अस्थायी बाजार लगाने की अनुमति दी गई थी। अब निर्धारित अवधि पूरी होने के साथ ही उन्हें दुकानें समेटकर ढालपुर मैदान खाली करना होगा।
दिल्ली से पहुंचे सूट विक्रेता हरप्रीत सिंह ने बताया कि शनिवार को बाजार में खरीदारों की अच्छी भीड़ रही और उनका कारोबार भी बेहतर हुआ। पुराने कपड़ों के कारोबारी चमन गुप्ता ने बताया कि शनिवार को अच्छी खरीदारी हुई। समिति की ओर से दुकानें लगाने की निर्धारित अवधि पूरी हो चुकी है। अब सामान समेटकर लौटने की तैयारी की जा रही है।
सौ रुपये में दो जैकेट
कारोबारियों ने शनिवार को अपना सामान काफी सस्ता किया। सौ रुपये में दो-दो जैकेट भी बेचे गए। पैंट भी सौ रुपये और कमीज 50 रुपये में बेची गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से आए हुए लोगों ने गर्म कपड़ों की अच्छी खासी खरीदारी की।