रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुरुक्षेत्र

Kurukshetra News:गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग पर अड़े किसान – Farmers Remain Firm On Their Demand For An Increase In Sugarcane Prices

November 26, 2026


शाहाबाद। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करवाने की मांग को लेकर शाहाबाद सहकारी चीनी मिल के मुख्य द्वार पर किसानों का धरना बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। देर शाम भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों को संबोधित किया।

उन्होंने दोहराया कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया जाता, किसान आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। चढूनी ने धरने के दौरान किसानों के साथ पुलिस की ओर से की गई धक्का-मुक्की की निंदा करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे किसानों को उकसाने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलन दबाने के बजाय किसानों की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

संगठन ने दो दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो इससे पहले बातचीत कर मांग मान सकती है। पुलिस बल या अन्य इंतजामों से किसान डरने वाले नहीं हैं। किसान जेल जाने, लाठियां खाने और गिरफ्तारियां देने के लिए तैयार हैं। धरने में ब्लॉक प्रधान हरकेश खानपुर, सोनू, बलदेव सिंह, गुरविंदर, रुपिंदर, जगदीप, विकास, राजिंदर, जसविंदर, जगीर सिंह, दिलबाग सिंह, कुलदीप, जगीर और जगदीप सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X