रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:तापमान में गिरावट से रबी की फसलों की बुआई के अनुकूल हुआ मौसम – A Drop In Temperature Has Made The Weather Favorable For The Sowing Of Rabi Crops

November 26, 2026


दिन में खिल रही धूप, सुबह और शाम को कोहरे का दिख रहा असर

मौसम के उतार-चढ़ाव से तापमान में बदलाव, खेतों में तेजी पकड़ रही रबी की तैयारी

पडरौना। मौसम का मिजाज इन दिनों बदल रहा है। दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, जबकि सुबह और शाम हल्के कोहरे के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम में हो रहे बदलाव के बीच खेतों में रबी की फसलों की बोआई की तैयारी तेज हो गई है। किसान गेहूं, सरसों, मटर और चना सहित अन्य रबी फसलों की बोआई में जुटे हैं।

क्षेत्र के किसान पुष्पेंद्र मिश्र, राजेंद्र यादव, अनिरुद्ध जायसवाल और विमलेश यादव का कहना है कि धीरे-धीरे ठंड बढ़ने से रबी की फसलों के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है। दिन में धूप निकलने से खेतों में काम करने में सहूलियत हो रही है। वहीं, सुबह और शाम को कोहरे के कारण तापमान में गिरावट का एहसास हो रहा है। किसानों का कहना है कि मौसम का यही रुख बना रहा तो फसलों की बढ़वार अच्छी होगी।

जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि रबी की फसलों की बोआई के लिए तापमान और खेतों में पर्याप्त नमी महत्वपूर्ण है। गेहूं की समय से बोआई करने पर बेहतर उत्पादन की संभावना रहती है। किसानों को बोआई के दौरान खेत की नमी, बीज की गुणवत्ता और निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के प्रभारी डॉ. नवीन प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले आए चक्रवात का असर अब समाप्त हो गया है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण सुबह और शाम को कोहरे की स्थिति बन रही है। आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। अगले सप्ताह तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस तरह का मौसम गेहूं, सरसों, मटर और अन्य रबी फसलों की बोआई के लिए अनुकूल है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X