रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:विद्याज्ञान की प्रवेश परीक्षा में गणित और तार्किक क्षमता के सवालों ने उलझाया – Questions On Mathematics And Logical Reasoning Posed A Challenge In The Vidyagyan Entrance Exam

November 29, 2026


विद्याज्ञान में प्रवेश के लिए 724 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण, दो पालियों में हुई प्रवेश परीक्षा, 330 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

कक्षा छह और सात में प्रवेश के लिए बालक और बालिकाओं की अलग-अलग पालियों में हुई परीक्षा

पडरौना। शिव नाडार फाउंडेशन के विद्याज्ञान स्कूल में कक्षा छह और सात में प्रवेश के लिए रविवार को जिले के दो केंद्रों पर परीक्षा हुई। सुबह और शाम की पालियों में आयोजित परीक्षा में बालक और बालिकाएं अलग-अलग शामिल हुए।

बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए हनुमान इंटर कॉलेज पडरौना और जनता इंटर कॉलेज रामकोला को केंद्र बनाया गया था। सुबह की पाली में बालिकाओं की परीक्षा हुई। इसमें 474 छात्राएं पंजीकृत थीं, जिनमें से 228 उपस्थित रहीं। वहीं, शाम की पाली में बालकों की परीक्षा कराई गई। इसमें 250 अभ्यर्थियों में से 168 ने प्रतिभाग किया।

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर कहीं संतोष तो कहीं कठिन सवालों को हल नहीं कर पाने की कसक दिखी। बच्चों के मुताबिक, प्रश्नपत्र में गणित के सवालों को हल करने के लिए गणना के साथ समझ का भी इस्तेमाल करना पड़ा। वहीं, तार्किक क्षमता से जुड़े सवालों में सही विकल्प चुनने के लिए काफी सोच-विचार करना पड़ा। कुछ सवाल हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। हालांकि, सामान्य ज्ञान और अन्य विषयों से जुड़े सवाल कई अभ्यर्थियों को अपेक्षाकृत आसान लगे।

स्पीकअप

गणित के कुछ सवाल काफी घुमावदार थे। उन्हें समझने में अधिक समय लगा, जिससे हल करने में कठिनाई हुई। अंग्रेजी के प्रश्न भी कठिन थे लेकिन सभी सवालों के जवाब दिए हैं।

– समृद्धि मद्धेशिया, परीक्षार्थी

प्रश्नपत्र में कुछ सवाल आसान थे लेकिन तार्किक क्षमता वाले प्रश्नों ने उलझाया। समय का ध्यान रखते हुए सभी सवाल हल करना चुनौतीपूर्ण रहा।

– आकृति मद्धेशिया, परीक्षार्थी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X