Kaushambi News:निकाह के बाद मांगा दहेज… इन्कार पर दूल्हे ने दिया तलाक, भागे बराती – Dowry Demanded After The Wedding… Groom Pronounces Divorce Upon Refusal, Wedding Guests Flee
क्षेत्र के उखैयाखास गांव में निकाह के तुरंत बाद दूल्हा पक्ष के दहेज मांगने से शादी समारोह में विवाद हो गया। आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने तुरंत दो लाख रुपये नकद और चार तोला सोने की चेन की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थता जताई तो दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। रातभर पंचायत चलने के बाद भी मामला नहीं सुलझा। आरोप है कि इसके दुल्हे ने दुल्हन को तलाक दिया फिर वह और बराती भाग निकले।
दुल्हन पक्ष के मुताबिक उखैयाखास गांव की नाजिया पुत्री दिवंगत रुआब अली की शादी प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कैसन का पुरवा (कैथी) गांव के शमशाद के साथ तय हुई थी। शनिवार को एक गेस्ट हाउस में तय समय पर बरात पहुंची। स्वागत के बाद बरातियों को नाश्ता कराया गया। भोजन के बाद निकाह की रस्म भी पूरी हो गई।
नाजिया के बड़े अब्बू रियाज अली के मुताबिक, लड़की पक्ष ने दहेज में बाइक समेत अन्य सामान देने की पूरी तैयारी कर रखी थी। आरोप है कि निकाह के तुरंत बाद लड़के पक्ष के लोगों ने दो लाख रुपये नकद और चार तोला सोने की चेन की मांग कर दी। इस पर लड़की पक्ष ने और दहेज देने में असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया।
दहेज की मांग पर रातभर पंचायत हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। रियाज ने बताया कि रविवार की भोर में दूल्हे ने निकाह के कुछ घंटे बाद दुल्हन नाजिया को तलाक दे दिया। दूल्हा पक्ष के लोग तलाक के बाद बिना मेहर दिए भाग गए। बराती भी भाग निकले। रियाज अली ने बताया कि रविवार को व्यस्त रहने के कारण वह शिकायत नहीं कर सके। सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे। निकाह के कुछ घंटे बाद दहेज के लिए तलाक देने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी है।
एसओ त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि सूचना बरात के दौरान रात में कुछ विवाद हुआ था। दोनों पक्ष आपस में बैठकर पंचायत कर रहे थे। किसी ने शिकायत नहीं की है, उन्हें कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है प्राथमिकी दर्ज कर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
