Lalitpur News:फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, चार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट – Newlywed Found Hanging; Case Of Dowry Death Registered Against Four
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम वस्त्रावन में शुक्रवार शाम 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे में म्यांरी से स्टॉल के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। ससुरालियों ने आत्महत्या की बात कही। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जेठ मथुरा ने बताया कि शुक्रवार को संध्या अपनी सास और जेठानी के साथ घर पर थी। पति अरविंद खेत पर गया था अन्य परिजन गांव में थे। इसी दौरान सास रामकली कमरे में पहुंची तो संध्या म्यांरी से स्टॉल के फंदे से लटकी मिली। रामकली ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। जेठ मथुरा के अनुसार, करीब दो दिन पहले संध्या के पेट में दर्द हुआ था। उसका इलाज कराया गया था। शुक्रवार सुबह उसने घर का कामकाज किया था। दोपहर में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई थी। जेठ ने आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया।
पिता चैना कुशवाहा ने बेटी के पति अरविंद, जेठ ईश्वरदास, सास और ससुर पचू ने गला दबाकर संध्या की हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी है। थाना बार पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ तालबेहट आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। तहरीर के आधार पर ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये है पिता का आरोप
बेटी संध्या की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कलोथरा निवासी चैना कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसकी बेटी संध्या की शादी 25 जून 2026 को ग्राम वस्त्रावन निवासी अरविंद से हुई थी, शादी के बाद से ही अरविंद, उसके पिता पंचू, मां और भाई ईश्वरदास अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे, मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की। 26 नवंबर को संध्या ने फोन कर उन्हें मारपीट करने की जानकारी दी थी, वह उन्हें बुला रही थी। आज वह गांव गए तो वह कमरे में मृत मिली। उसके गले में चोट के निशान थे।
