शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महेंद्रगढ़-नारनौल

Mahendragarh-narnaul News:नशीले पदार्थों की बिक्री के सह-आरोपी को मिली नियमित जमानत – Co-accused In Drug-selling Case Granted Regular Bail

November 7, 2026


नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नितिन राज की अदालत ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी मनीष को नियमित जमानत दे दी है। अदालत ने मामले की परिस्थितियों, आरोपी की हिरासत अवधि और सह-अभियुक्त को पहले मिल चुकी जमानत को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया।

मामला 27 अगस्त 2026 का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ के रतन कॉम्प्लेक्स स्थित एक फ्लैट में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान संदीप के कब्जे से एसी की जाली में छिपाई गई 14.97 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान मनीष को 9 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था।

मनीष के वकील ने अदालत में दलील दी कि उसे झूठा फंसाया गया है और उसके कब्जे से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। सह-अभियुक्त संदीप को पहले ही जमानत मिल चुकी है। वहीं, सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए बताया कि मनीष के खिलाफ नौ अन्य आपराधिक मामले भी लंबित हैं।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने कहा कि बरामद हेरोइन की मात्रा मध्यम श्रेणी में आती है और धारा 37 के कड़े प्रतिबंध लागू नहीं होते। अदालत ने एक लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के जमानती बांड पर मनीष की रिहाई के आदेश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X