महोबकंठ (महोबा)। थाना महोबकंठ के बगरौनी गांव के पास झांसी-मिर्जापुर हाईवे किनारे संचालित मूंगफली फैक्टरी में बुधवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्टरी में रखी भारी मात्रा में मूंगफली, आल्टो कार समेत अन्य सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हाईवे किनारे बलराम इंडस्ट्रीज नाम से मूंगफली फैक्टरी संचालित है। इसका संचालन चक्रेंद्र तिवारी करते हैं। रात को फैक्टरी में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख कर्मचारी बाहर निकल आए। देखते-ही-देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्टरी में रखी मूंगफली, आल्टो कार समेत अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित ने बताया कि आग कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले चुकी थी। चक्रेंद्र तिवारी ने फैक्टरी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से चिंगारी निकलने से आग लगने की आशंका है। उन्होंने कहा कि लाइन हटवाने के लिए कई बार शिकायत की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बताया कि करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष कन्हैयालाल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है।