शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:कोर्ट के आदेश की अवहेलना पर एसडीएम मड़िहान को नोटिस – Notice To Sdm Madihan For Disobeying Court Order

November 20, 2026


मिर्जापुर। न्यायालय के आदेश के बावजूद जांच आख्या प्रस्तुत नहीं करने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह की अदालत ने उपजिलाधिकारी मड़िहान के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज करने का निर्देश दिया है। अदालत ने एसडीएम मड़िहान संतोष कुमार ओझा को नोटिस जारी कर 25 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।

मामला सत्य प्रकाश त्रिपाठी बनाम लालचंद्र राम व अन्य से संबंधित है। मड़िहान थाने से जुड़े इस प्रकरण में प्रार्थना पत्र दिया गया था। न्यायालय ने 27 जुलाई 2026 को लोक सेवक लालचंद्र राम और उमेश तिवारी के संबंध में विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करने का आदेश उपजिलाधिकारी मड़िहान को दिया था। इसके बाद एसडीएम कार्यालय की ओर से 11 अगस्त को आख्या प्रस्तुत करने के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय मांगा गया था।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय के मुताबिक, 23 सितंबर और 26 अक्तूबर को भी आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश नहीं की गई। इस पर न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना माना। अदालत ने कार्यालय लिपिक को एसडीएम मड़िहान के विरुद्ध प्रकीर्ण वाद दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही एसडीएम से जवाब मांगा है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के दृष्टिगत उन्हें दंडित क्यों न किया जाए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X