Mainpuri News:पुलिस के हाथ नहीं लगा बेटी का हत्यारा पिता – The Father Who Murdered His Daughter Has Eluded The Police
मैनपुरी। दन्नाहार के गांव नादऊ में बीते 17 अक्तूबर को बाप ने बेटी की हत्या कर उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। पुलिस आरोपी बाप और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसकी गिरफ़्तारी के लिए सर्विलांस टीम का सहारा लिया जा रहा है। एसपी ने तीन टीमों का गठन किया है।
दन्नाहार क्षेत्र के गांव नादऊ निवासी भुवनेश उर्फ सीटू के खिलाफ पुलिस ने अपनी बेटी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने अपनी 15 वर्षीय बेटी पलक की किसी युवक से बात करने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। गांव के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस का गुप्त सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने गांव में पूछताछ की तो मामला सामने आया, कि बाप हत्या करने के बाद घर पर ताला लगाकर पूरे परिवार के साथ भाग गया है। सोमवार को थाना प्रभारी दन्नाहार शत्रुंजय कुमार सिंह ने गांव में पलक के अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के बारे में जानकारी ली। सहेलियों से भी किशोरी के स्वभाव सहित अन्य जानकारियां जुटाकर बयान दर्ज किए गए।
तीन टीम कर रहीं तलाश
पुलिस कई दिन से आरोपी बाप और परिवार के अन्य लोगों की तलाश कर रही है। गांव में लगातार नजर रखी जा रही है। एसपी गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। बाप और उसके रिश्तेदारों के नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं।
हत्या के प्रत्येक पहलू पर गहनता से जांच कर पुलिस की तीन टीमें घटना में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा। अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी
