Mandi News:कांस्टेबल भर्ती में 508 महिलाओं ने पार किया शारीरिक दक्षता का पड़ाव – 508 Women Cleared The Physical Efficiency Stage In The Constable Recruitment
1500 अभ्यर्थियों को बुलाया था, 1183 ने लिया भाग
675 विभिन्न चरणों में हुईं असफल, 317 अनुपस्थित रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। जिले के पंडोह में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के तहत महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) एवं शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) का आयोजन वीरवार को किया गया। परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 1500 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 1183 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षण में भाग लिया, जबकि 317 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित शारीरिक दक्षता एवं मानक परीक्षा के मापदंडों पर खरा उतरने वाली 508 महिला अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। वहीं, 675 अभ्यर्थी विभिन्न चरणों में निर्धारित मापदंड पूरे नहीं कर पाने के कारण असफल रहीं। इस प्रकार परीक्षा में शामिल कुल अभ्यर्थियों में से लगभग 43 प्रतिशत ही अगले चरण के लिए सफल हो पाईं।
पुलिस विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाया गया। इस दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरणों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
