Mandi News:छोटी काशी में 24 नवंबर को मनाया जाएगा मांडव उत्सव – Mandav Utsav Will Be Celebrated In Chhoti Kashi On November 24
मंडी। छोटी काशी मंडी की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 24 नवंबर को मांडव उत्सव मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम मंडी में महापौर सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
महापौर ने बताया कि उत्सव पर शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा ऐतिहासिक सेरी मंच से आरंभ होकर मांडव शिला तक पहुंचेगी। इसमें स्थानीय देवी-देवताओं की पावन उपस्थिति रहेगी तथा पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मंडी की समृद्ध देव संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। शोभायात्रा के समापन पर मांडव शिला में धर्म संघ के सहयोग से विधिवत हवन-यज्ञ किया जाएगा और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित होगा। मेयर ने कहा कि मांडव उत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि यह मंडी की प्राचीन आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम है।
