Mau News:विद्यार्थियों से परिवार के सदस्यों की स्वगणना कराने और लोगों को जागरूक करने की अपील – An Appeal To Have Students Conduct A Self-enumeration Of Their Family Members And To Raise Awareness Among The Public
मधुबन। स्वगणना अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने विद्यालयों के माध्यम से जागरूकता की पहल तेज कर दी है।
इसी क्रम में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने नेमडाड़, कमल सागर और फतेहपुर क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार के सदस्यों की स्वगणना कराने के साथ ही आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
अभियान के तहत सबसे पहले नेमडड़ स्थित एक पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। यहां करीब 400 विद्यार्थियों को स्वगणना के उद्देश्य और महत्व से अवगत कराया गया। इसके बाद फतेहपुर गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाध्यापिका चंद्रकांति पांडेय और शिक्षकों के साथ बैठक कर अभियान को गांवों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। छात्राओं से भी परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से किसी भी जागरूकता अभियान का संदेश घर-घर तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
प्रत्येक विद्यार्थी अपने परिवार और पड़ोस के लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभाए तो अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल सकता है। इस दौरान संजय सिंह, एआरपी समर बहादुर सिंह, फैजान अहमद और सत्यप्रकाश यादव आदि शामिल थे।
