Maharajganj News:गांव में गंदगी देख भड़कीं डीपीआरओ, सफाईकर्मी निलंबित – Dpro Furious Over Filth In Village; Sanitation Worker Suspended
लक्ष्मीपुर। जंगल गुलहरिया ग्राम पंचायत के टोला विजयगढ़ में सोमवार को डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने स्थलीय निरीक्षण किया। गांव में जगह-जगह गंदगी और नालियों की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। लापरवाही मिलने पर सफाईकर्मी दिनेश पटेल को निलंबित कर दिया जबकि पंचायत सचिव और विभागीय अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर फैली गंदगी और नालियों की खराब स्थिति पर डीपीआरओ ने सचिव अखिलेश प्रजापति और एडीओ पंचायत दिनेश पाठक को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर विजयगढ़ टोले में 300 मीटर नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य हर हाल में पूरा कराया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी गांव की बदहाल व्यवस्था और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पिछले महीने गांव की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी। इसी के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों ने गांव में गंदगी की शिकायत की थी। इसी के आधार पर स्थलीय निरीक्षण किया गया और लापरवाही मिलने पर संबंधित सफाईकर्मी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
