जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच का पद रिक्त होने से खिलाड़ियों को स्तरीय प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। वहीं, 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में नेशनल जूनियर एथलेटिक्स मीट आयोजित होनी है। कोच की तैनाती की मांग को लेकर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव पारसनाथ सिंह ने हाल ही में जिले के दौरे पर आए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में नेशनल स्कूल मीट भी प्रस्तावित है। ऐसे में कोच के अभाव में खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने प्रतियोगिताओं को देखते हुए स्टेडियम में जल्द एथलेटिक्स कोच की तैनाती करने की मांग की है।