Mirzapur News:कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों से मंदिर तक रहेगी प्रशासन की नजर – The Administration Will Keep A Close Watch From The Ghats To The Temples On Kartik Purnima
मिर्जापुर। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर प्रशासन ने मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों से लेकर मां विंध्यवासिनी मंदिर तक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह को नगर के नारघाट, पक्का घाट, बरियाघाट, बाबा घाट, सुंदर घाट, कचहरी घाट और फतहां घाट की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी सहायता के लिए सभी स्थानों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सदर जूही प्रसाद को मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन और दीपदान की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में एसडीएम सदर महेंद्र सिंह को बरैनी घाट, भटौली घाट सहित अन्य स्थानों की जिम्मेदारी दी गई है। नीलम उपाध्याय को भोगांव सहित अन्य क्षेत्रों में व्यवस्था की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। नगर के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। महिलाओं के लिए वस्त्र बदलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नगर पालिका के ईओ जी लाल ने बताया कि सभी तैयारियां 23 नवंबर तक पूरी कर ली जाएंगी।
